चंपावत। जिले के लधियाघाटी क्षेत्र के चार दर्जन से अधिक छोटे-बड़े गांवों में बदहाल हो चुकी संचार सेवा के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि नेटवर्क ठप होने से लोग मोबाइल से बात नहीं कर पा रहे हैं और न ही स्कूली बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई हो पा रही है। उन्होंने जल्द नेटवर्क सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लधियाघाटी में पाटी ब्लॉक की 20 ग्राम पंचायतें हैं। यहां की 15 हजार से अधिक की आबादी लचर मोबाइल नेटवर्क के चलते संचार सुविधा से दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि भिंगराड़ा, खरही, मडियोली, गड्यूड़ा, चल्थिया, बिरगुल, गोली, ईजर, नाकुड़ा, बालातड़ी, करौली, रीठा साहिब आदि क्षेत्र में अधिकतर मोबाइल नेटवर्क न आने से लोग अक्सर घर से बाहर निकल ऊंची जगहों पर जाकर बात करने को मजबूर हैं। बताते चलें की क्षेत्र के कॉमन सर्विस सेंटर, डाकघर, बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई आदि के काम पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने भिंगराड़ा और रीठा साहिब में प्रदर्शन किया। भिंगराड़ा में हुए प्रदर्शन में अमित भट्ट, सुभाष महराना, शेखर भट्ट, नंदकिशोर, संजय शर्मा, दीपक भट्ट, दिनेश भट्ट, सुरेश भट्ट, शंकर शर्मा, रमेश चंद्र आदि शामिल रहे, जबकि रीठासाहिब में रोहित परवाल, भोला सिंह, भूपेश सिंह, हरीश बोहरा, मुकेश बोहरा, अजय कुलियाल, सूरज बोहरा, कैलाश बोहरा, सुरेंद्र कुमार, कमल कुमार आदि शामिल रहे।