जिले की लधिया घाटी के चार दर्जन से अधिक छोटे-बड़े गांवों के लोग मोबाइल से बात नहीं कर पा रहे हैं। यहां की बीएसएनएल सेवा साढ़े तीन माह से ठप है। अधिकतर निजी मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर रहे हैं।
लगातार आवाज उठाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को लधिया के दो स्थानों पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द नेटवर्क सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
लधिया घाटी में पाटी ब्लाक की 20 ग्राम पंचायतें हैं। यहां की 15 हजार से अधिक की आबादी लचर मोबाइल नेटवर्क के चलते संचार सुविधा से दूर है। ग्रामीणों का कहना है कि भिंगराड़ा, खरही, मडियोली, गड्यूड़ा, चल्थिया, बिरगुल, गोली, ईजर, नाकुड़ा, बालातड़ी, करौली, रीठा साहिब आदि क्षेत्र में अधिकतर मोबाइल नेटवर्क नहीं आने से लोग अक्सर घर से बाहर निकल ऊंची जगहों पर जाकर बात करने को मजबूर हैं।
सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में ऑनलाइन राशन वितरण, कॉमन सर्विस सेंटर, डाकघर आदि के काम पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने भिंगराड़ा और रीठा साहिब में प्रदर्शन किया। भिंगराड़ा में हुए प्रदर्शन में सुभाष महराना, शेखर भट्ट, नंदकिशोर, संजय शर्मा, दीपक भट्ट, दिनेश भट्ट, सुरेश भट्ट, शंकर शर्मा,रमेश चंद्र आदि थे।
जबकि रीठा साहिब में रोहित परवाल, भोला सिंह, भूपेश सिंह, हरीश बोहरा, मुकेश बोहरा, अजय कुलियाल, सूरज बोहरा, कैलाश बोहरा, सुरेंद्र कुमार, कमल कुमार आदि थे।
बिरगुल से खेतीखान के बीच रोड निर्माण के दौरान कुछ हिस्सों में ऑप्टीकल फाइबर केबल कट गई थी। इसके बाद वायरलेस में मिनी लिंक के जरिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी। पिछले कुछ दिनों से इसमें दिक्कत आने से घाटी में बीएसएनएल के नेटवर्क की दिक्कत हो रही है जिसे ठीक कराया जा रहा है।
विजय बहादुर, जूनियर दूरसंचार अधिकारी, बीएसएनएल, लोहाघाट।