पाटी (चंपावत)। पाटी ब्लॉक के दुबड़ सहकारी समिति में 64 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता की जांच जारी है। किसानों की जमा की गई लोन की धनराशि बैंक में जमा करने के बजाय समिति सचिव जयराम खुद हजम कर गया। समिति सचिव 14 साल से समिति में वित्तीय अनियमित्ता को अंजाम दे रहा था।
एक साल पूर्व जिला सहायक निबंधक सुभाष गहतोड़ी ने जांच के बाद समिति सचिव को निलंबित कर दिया था और मामले की जांच शुरू कराई। अब मामला तूल पकड़ने के बाद प्रभारी डीएम जयवर्धन ने भी पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। मार्च 2024 में दुबड़ सहकारी समिति में करीब 64 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता पकड़ में आई थी। समिति सदस्यों पर ऋण कम होने और जिला सहकारी बैंक की देनदारी अधिक होने से गड़बड़ी पकड़ में आई।
समिति सचिव ने साल 2023-24 में साढ़े तीन लाख रुपये का गबन किया। इन वित्तीय अनियमित्ता के चलते दुबड़ समिति वर्तमान में 35 लाख रुपये के घाटे में चल रही है। जिला सहायक निबंधक सुभाष गहतोड़ी ने बताया कि जांच आने के बाद समिति सचिव को अप्रैल 2024 में निलंबित कर दिया था। अब एआर ने समिति को अनुस्मारक पत्र भेज जांच रिपोर्ट देने को कहा है।
14 साल से कर रहा था सचिव गड़बड़ियां
चंपावत। समिति सचिव 2010 से सहकारी समिति में गड़बड़ियों को अंजाम दे रहा था। समिति के सदस्यों की धनराशि को वह लगातार हजम करता रहा। जिला सहायक निबंधक सुभाष गहतोड़ी ने गहनता से जांच कर इन गड़बड़ियों को पकड़ा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक समिति सचिव ने समिति के कई सदस्यों को अपने विश्वास में ले लिया था और पैसा सीधे सचिव को दे दिया। कोई रसीद नहीं ली। वहीं कुछ ने तो सीधे सचिव के खाते में धनराशि डाल दी। इससे समिति असंतुलित हो गई। जय राम 1998 में लेखाकार के तौर पर समिति में आया था।
जून 2023 में मिलीं गड़बड़ियां
चंपावत। जिला सहायक निबंधक ने जून 2023 में पदभार संभाला। समीक्षा के दौरान उन्हें मार्च 2024 में समिति में दस्तावेज में गड़बड़ी मिली। इसके बाद उन्होंने एडीओ बाराकोट से जांच कराई तो गड़बड़ियां सामने आई। समिति का बैंक का देना ज्यादा अधिक मिला और सदस्यों से पाना कम मिला। इसके बाद उन्होंने जांच कमेटी गठित कर समिति सचिव को निलंबित कर दिया। जांच में पूर्व के सालों में भी गड़बड़ियां मिलती रहीं। जांच समिति के सदस्यों के तबादले होने के चलते जांच पूरी नहीं हो सकी। वर्तमान में जांच समिति के एक सदस्य के नहीं होने के कारण जांच रूकी पड़ी है।
लोगों ने दिया धरना
पाटी (चंपावत)। विकासखंड के टाकखंदक साधन सहकारी समिति पर अनियमितता के मामले में लोगों ने तीसरे दिन धरना दिया। ग्रामीणों ने किसान संगठन संयोजक नरेंद्र उर्फ नरेंद्र उत्तराखंडी के नेतृत्व में प्रभारी डीएम जयवर्धन शर्मा के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेज कर एसआईटी जांच की मांग की हैं।