राजकीय महाविद्यालय का अपना भवन बनकर तैयार हो गया है। दीपावली के बाद कॉलेज अपने नवनिर्मित भवन में शिफ्ट हो जाएगा। बुधवार को विधायक हेमेश खर्कवाल ने भवन का निरीक्षण कर प्रयोगशाला के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।
वर्ष 2004 में खुला राजकीय महाविद्यालय भूमि और भवन के अभाव में अब तक जीजीआईसी के पुराने भवन में चल रहा है। भूमि का चयन कर सरकार ने पौने चार करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण कराया है। कार्यदायी एजेंसी आरईएस के एई केके पंत ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। दीपावली से पहले भवन कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
इधर, बुधवार को विधायक खर्कवाल ने कार्यदायी विभाग के अधिकारियों के साथ भवन का निरीक्षण कर कॉलेज प्रशासन को दीपावली के बाद हर हाल में कॉलेज नए भवन में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान प्रचार्य डॉ. जी प्रकाश, प्राध्यापक डॉ. सर्वजीत सिंह, एमएस चौहान, डॉ. सीएस साहू, डॉ. एमपी शर्मा, आरईएस के जेई बीआर आर्या आदि मौजूद थे।