मां पूर्णागिरि के दर्शन और सैर-सपाटे के लिए यहां आने वाले पर्यटक अब ऋषिकेश में गंगा की तर्ज पर शारदा की लहरों में भी राफ्टिंग, कैंपिंग और ट्रैकिंग का मजा ले सकेंगे। लाइफ इज एडवेंचर नामक संस्था शुक्रवार से शारदा में स्थायी तौर पर राफ्टिंग, कैंपिंग और ट्रैकिंग की सुविधा शुरू कर रही है। विधायक हेमेश खर्कवाल सुबह दस बजे इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे।
शारदा में राफ्टिंग जैसे साहसिक खेल की संभावनाएं वर्षों से तलाशी जा रही है। सरकार की ओर से तो इस दिशा में अब तक कोई प्रयास नहीं हुए हैं, लेकिन वन और पर्यटन विभाग से अनुमति लेकर लाइफ इज एडवेंचर संस्था ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। यूं तो एसएसबी और देश-विदेश के राफ्टर दल यहां शारदा की लहरों में समय-समय पर राफ्टिंग करते रहे हैं, लेकिन अब मां पूर्णागिरि के दर्शन और सैर-सपाटे को आने वाले आम पर्यटक भी स्थायी तौर पर राफ्टिंग, कैंपिंग और ट्रैकिंग का मजा ले सकेंगे।
संस्था के निदेशक मोनी अरोरा उर्फ मोनी बाबा ने बताया कि पर्यटकों को मां पूर्णागिरि के चरण मंदिर से बूम तक आठ किमी की सुरक्षित रीवर राफ्टिंग कराई जाएगी। एक बार में आठ लोग राफ्टिंग का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा पर्यटकों को नदी किनारे सेंड बिच में कैंपिंग, जंगल ट्रैकिंग और रॉक क्लाविंग कराई जाएगी। संस्था के निदेशक मोनी बाबा ने लोगों से राफ्टिंग के उद्घाटन मौके पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
राफ्टिंग और रोपवे से बढ़ेगा पर्यटन : हेमेश
विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि मां पूर्णागिरि शक्तिपीठ में रोपवे का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। रीवर राफ्टिंग के साथ ही रोपवे लगने से क्षेत्र में पर्यटन का विकास होगा और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेगी।