चंपावत। ठंड बढ़ने के साथ ही हड्डी से संबंधित मरीज बढ़ने लगे हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को हड्डियों में दर्द की समस्या के 80 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक ने बताया कि ठंड में शरीर का लचीलापन कम हो जाता है। वायुदाब में बदलाव से हड्डियों और जोड़ों पर असर पड़ता है। शारीरिक गतिविधि कम होने से जोड़ों में दर्द की दिक्कत भी बढ़ने लगती है। लोग ठंड में पानी पीना कम कर देते हैं जिससे दर्द की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि 18 साल से लेकर 65 साल तक के मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं।
इधर अस्पताल के मुख्य फिजिशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि ठंड के चलते वायरल बुखार के मरीज भी बढ़ गए हैं। उन्होंने लोगों से गुनगुना पानी पीने, गरम कपड़े पहनने के साथ ही शरीर को ढक कर रखने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर दवा खाएं। सोमवार को अस्पताल में ओपीडी 320 से अधिक रही। संवाद