चंपावत। नेपाल सीमा से लगे जिले के दो विकासखंडों चंपावत और लोहाघाट में संचालित की जा रही मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम (सीएमबीएडीपी) के तहत 571.55 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें चंपावत ब्लॉक में 39 और लोहाघाट ब्लॉक में 27 योजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से सीएमबीएडीपी की कार्ययोजना मंजूरी के लिए शासन को भेज दी गई है। इसे मंजूरी मिलते ही विभिन्न योजनाओं में काम शुरू कर दिया जाएगा।
सीडीओ आरएस रावत ने बताया कि पहली बार लागू की जा रही सीएमबीएडीपी योजना के तहत चंपावत विकासखंड में 39 कार्यों के लिए 294.05 लाख रुपये और लोहाघाट विकासखंड में 27 योजनाओं के लिए 277.50 लाख रुपये का आगणन तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा गया है।
स्वरोजगार बढ़ाने और समूहों को सशक्त बनाने की योजनाएं शामिल
चंपावत। जिले में पहली बार सीएमबीएडीपी के तहत सीमांत क्षेत्र में स्वरोजगार बढ़ाने वाली योजनाओं को शामिल करने के साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने की योजनाओं को शामिल किया गया है। सीडीओ आरएस रावत के अनुसार कोरोना महामारी के काल में सीमांत के गांवों में लौटे प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने की योजनाएं भी कार्ययोजना में शामिल की गई हैं।
सीएमबीएडीपी के तहत चंपावत जिले के दो विकासखंड चयनित किए गए हैं। दोनों विकासखंडों में 66 विकास कार्यों और योजनाओं के लिए 571.55 लाख रुपये की कार्ययोजना मंजूरी के लिए शासन को भेजी गई है। इसे मंजूरी मिलते ही सीमांत क्षेत्र में योजनाओं का कार्य शुरू किया जाएगा।
- आरएस रावत, सीडीओ, चंपावत।