लोहाघाट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निकाय चुनाव को लेकर रोड शो और विशाल जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सीएम ने निकाय चुनाव में भाजपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी गोविंद वर्मा सहित पार्टी के वार्ड सदस्यों के लिए लोगों से समर्थन मांगा। शनिवार को सीएम हेलिकॉप्टर से जीआईसी खेल मैदान में उतरे, वहां से सीएम धामी का काफिला हथरंगिया होते हुए गांधी चौक पहुंचे। गांधी चौक से स्टेशन बाजार तक रोड शो करते हुए पार्टी प्रत्याशी गोविंद वर्मा के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की।
स्टेशन बाजार में आयोजित जनसभा में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में निकाय चुनाव में हर जगह भाजपा परचम लहराएगी और ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी। सीएम ने नगर में भीड़ देखते कहा कि उनके मन में अब कोई भी संदेह नहीं है कि लोहाघाट में भाजपा से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोविंद वर्मा की जीत होगी। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है और भाजपा संतुष्टीकरण की राजनीति पर कार्य करती है। सीएम ने कहा कि सतत विकास में पूरे देश की रेटिंग में सभी राज्यों से उत्तराखंड पहले पायदान पर आया है। बेरोजगारी दर में एक साल में चार फीसदी कमी कर दी है। सरकार ने सबके लिए समान नागरिकता कानून, नकल विरोधी कानून लागू किया है, इससे कई युवाओं ने इसका फायदा उठाया है।
देवभूमि में सांस्कृतिक सुरक्षा को देखते हुए लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद जैसी घृणित मानसिकता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है, इसमें बागेश्वर में दो लोगों के खिलाफ थूक जिहाद करने पर कार्रवाई की गई है। प्रदेश में धर्मांनतरण विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में सशक्त भू कानून भी लागू होगा। उन्होंने कहा कि लोहाघाट के लिए 162 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया था, इसमें पेयजल समस्या के निदान के लिए सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की डीपीआर बनकर तैयार हो गई है, खेल के क्षेत्र में भी स्पोर्ट्स कॉलेज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जमीन का मुद्दा भी हल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी अन्य पार्टियां केवल वोट बैंक का काम कर रही है। इससे पूर्व सीएम धामी ने दौरान भाजपा नेता दीपक ओली की माता और उदय साह के युवा पुत्र के निधन पर उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की।
सीएम के कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक ज्योति राय, पूर्व विधायक पूरन सिंह फत्र्याल, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष जुकरिया, पूर्व ब्लाक प्रमुख योगेश मेहता, सुभाष बगौली, मोहित पाठक, सचिन जोशी, सतीश पांडेय, शंकर सिंह कोरंगा, राजू गड़कोटी, राजेश बिष्ट, चन्द्रशेखर बगौली, गिरीश कुंवर, जीवन गहतोड़ी, लता वर्मा, रेनू गडकोटी आदि मौजूद रहे।