सीएम के दौरे को लेकर अधिकारियों की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के मुख्यमंत्री के 17 जुलाई को लोहाघाट दौरे के मद्देनजर डीएम डा.अहमद इकबाल ने जिला कार्यालय सभागार में सभी अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने तैयारियां पूरी करने, जीआईसी मैदान में हैलीपैड, सेफ हाउस निर्माण के साथ शिलान्यास और लोकार्पण किए जाने वाले कार्यक्रमों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए है। देवीधार मेले में कोई अव्यवस्था न फैले इसको लेकर अभी से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शिलान्यास और लोकार्पण किए जाने वाले भवनों, उनकी लागत की सूची सीडीओ को उपलब्ध कराने तथा शिलापट तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोहाघाट में होने वाले जरूरी कार्यों की सूची, उसकी लागत आदि को भी सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पूर्ण सूचनाओं के साथ स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम जेएस राठौर, सीडीओ एचजी भट्ट, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा, तहसीलदार नीलू चावला, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीएस ह्यांकी, डा.रश्मि पंत, जिला उद्यान अधिकारी हरीश तिवारी, खेल अधिकारी आरएस धामी, पर्यटन अधिकारी आरएस ऐरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैली प्रजापति सहित सभी अधिकारी उपस्थित थे।