गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। युवा कल्याण विभाग से संचालित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का बुधवार को आगाज हुआ। दशाईथल खेल मैदान में दो दिवसीय चैंपियनशिप ट्रॉफी उद्घाटन मैच बेड़ीनाग ने जीता।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का उद्घाटन स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर खेलों को बढ़ावा दे रही है। पहले दिन वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई।
अंडर-19 वर्ग में उद्घाटन मैच भिनगाड़ी और बेड़ीनाग के बीच खेला गया। बेड़ीनाग की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी गंगोलीहाट अमित भट्ट ने दो दिन आयोजित होने वाले विभिन्न खेलों की जानकारी दी। इससे पूर्व राजकीय कस्तूरबा आवासीय विद्यालय गंगोलीहाट के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक नारायण राम आर्या, ब्लॉक प्रमुख गंगोलीहाट विनोद प्रसाद, कनिष्ठ प्रमुख कविता डोबाल, एसडीएम अंकित राज, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बेरीनाग दीपक चंद्र भट्ट, खंड विकास अधिकारी प्रदीप बिष्ट, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप महरा, खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्य सहित खेलप्रेमी मौजूद रहे।