बनबसा (चंपावत)। सरकार के राज्य में क्लस्टर विद्यालय बनाने के निर्णय को गलत बताते हुए कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद सिंह महरा ने इसका विरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सर्व शिक्षा अभियान को धता बता राज्यवासियों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। राज्य की भाजपा सरकार की दोहरी नीति से राज्य को नुकसान उठाना पड़ रहा है। एक ओर जीर्णशीर्ण स्कूल भवनों के रखरखाव में लाखों रुपये खर्च किए गए। अब सरकार क्लस्टर विद्यालय बनाकर उन भवनों को खस्ता हाल छोड़कर राज्य को आर्थिक संकट में डालना चाहती है।
उन्होंने कहा कि क्लस्टर विद्यालय बनने से कई स्कूल भवन खाली रहेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों में क्लस्टर विद्यालय बनने से बच्चों को शिक्षा लेने के लिए कई-कई किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। क्लस्टर विद्यालय बनने से निर्धन, जरूरतमंद और सुविधा विहीन क्षेत्रों में बच्चे शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। कहा कि शिक्षा सभी का अधिकार है। अच्छी शिक्षा से ही देश और राज्य का विकास संभव है। स्कूलों में शिक्षक और संपूर्ण सुविधाएं देनी चाहिए।