पाटी (चंपावत)। मां वाराही धाम देवीधुरा में चल रहे बगवाल मेले में लगातार हो रही बारिश से व्यापारी मायूस हैं। मौसम खराब होने से मेले में लोगों की आवाजाही काफी कम है जिस कारण व्यापारियों का सामान नहीं बिक पा रहा है।
बगवाल मेले में पिथौरागढ़, खटीमा, बाजपुर, बरेली, बाजपुर, राजस्थान, मेरठ, रामपुर, हरिद्वार और अल्मोड़ा के व्यापारी अपने उत्पाद लेकर आए हैं। पिछली बार मेले में उनके उत्पादों की अच्छी बिक्री हुई थी लेकिन इस बार बारिश के खलल से व्यापारी निराश हैं। मेले में लगीं कपड़े, क्रॉकरी, झूला, चाट पकौड़ी, जलेबी, कपड़े, खिलौनों आदि की दुकानों पर ग्राहक ही नहीं पहुंच रहे हैं।
राकेश पुंडीर, विशाल राजपूत, मुहम्मद, हसीन अहमद आदि व्यापारी दराती, कुल्हाड़ी, कुदाल, फावड़ा, चाकू, कड़ाई और अन्य बर्तन लेकर आए हैं। लोहे के बर्तन बनाने वाले व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से मेले में इस बार कारोबार उम्मीद के मुताबिक कम हुआ है। व्यापारी विशाल राजपूत, राकेश पुंडरी और महबूब ने बताया कि वह काफी वर्षों से मेले में दुकान लगाते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले अधिकतर सामान बिक जाता था लेकिन इस बार लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राहक मेले में बहुत कम आ रहे हैं और उनका काफी सामान बचा हुआ है। बता दें कि पिछले साल तक अब तक मेले में छह लाख तक का सामान बिक जाता था लेकिन इस बार करीब तीन लाख की ही बिक्री हुई है।
कोट
खराब मौसम और रोजाना हो रही बारिश के चलते कारोबार पर असर पड़ रहा है। पिछले साल तक पंखियां, कंबल आदि आसानी से बिक जाते थे लेकिन खरीदार नहीं आने से उत्पाद बिकना मुश्किल हो रहा है। - भगवान सिंह बोनाल, व्यापारी, पिथौरागढ़
लोहे के बर्तन की बगवाल मेले में अधिक मांग रहती थी। इस बार अभी तक बमुश्किल ही सामान बिक रहा है। पहले दिन तो अच्छी मात्रा में उत्पाद बिके थे लेकिन अब बारिश ने मुश्किल बढ़ा दी है। - विशाल राजपूत, व्यापारी राजस्थान
हर साल मेले में खिलौने लेकर आते हैं। कई बार अच्छा मुनाफा हो जाता था लेकिन इस बार लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश से कारोबार बहुत प्रभावित हो रहा है। - महबूब व्यापारी, बाजपुर
बारिश के चलते लोहे के बर्तन बेचना आसान नहीं है। मेला समाप्ति तक उम्मीद है कि सभी उत्पाद बिक जाएं। पिछले साल तो आधे से अधिक माल अब तक बिक चुका था पर इस बार निराशा हाथ लगी है। - राकेश पुंडीर, व्यापारी, मेरठ