जिला मुख्यालय की नगरपालिका में शनिवार को स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन डीएम एसएन पांडेय के नेतृत्व में किया गया। इसके तहत सभी नौ वार्डों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
गोरलचौड़ मैदान से स्वच्छता रैली निकालने से पूर्व डीएम ने वार्डों में स्वच्छता और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों में स्वच्छता के प्रति अलख जगाने को कहा। डीएम ने लोगों को घर का कूड़ा घर में ही निस्तारित करने, गीले व सूखे कूड़े को पृथक करने और घर के किचन गार्डन में कंपोस्ट पिट बनाकर कूड़े का निस्तारण करने को कहा।
सफाई अभियान के लिए वार्डवार गठित प्रत्येक टीम में दो-दो पर्यावरण मित्र आवंटित किए गए। शेष पर्यावरण मित्रों को कूड़े को वाहनों में भरने के लिए नामित किया गया। सफाई अभियान में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ ही पुलिस, एसएसबी, एनसीसी, एनएसएस के विद्यार्थियों के साथ ही स्कूली बच्चों और आम लोगों ने शिरकत की।
इन अधिकारियों ने संभाली कमान
चंपावत। सफाई अभियान में विभिन्न वार्डों में एसडीएम सदर अनिल गर्ब्याल, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, एसडीओ वन एमएस सिरोही, अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल, जिला सूचना अधिकारी एनएस बिष्ट, जिला क्रीड़ाधिकारी आरएस धामी आदि ने कमान संभाली।
लोहाघाट में जागरूकता रैली निकाली
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई और मोहल्लों से कूड़े का निस्तारण भी किया गया। एसडीएम आरसी गौतम के नेतृत्व में छात्र छात्राओं, कर्मचारियों ने जवाहर पार्क से चौक बाजार, खड़ी बाजार, स्टेशन बाजार, डाकबंगला रोड पर रैली निकाल लोगों को जागरूक किया। चेयरमैन गोविंद वर्मा ने कहा कि सफाई से बीमारियों का खतरा कम रहता है। इस मौके पर बीईओ हरेंद्र साह, ईओ कमल कुमार, बीडीओ एमसी परगांई के अलावा शिक्षक और अधिकारी-कर्मी मौजूद थे।
चंपावत के छतार वार्ड में रंगारंग कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता का संदेश देतीं छात्राएं।- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत गोरलचौड़ मैदान में सफाई अभियान के लिए एकत्र लोगों को संबोधित करते जिलाधिकारी एसएन पांडेय- फोटो : CHAMPAWAT