चंपावत के भिंगराड़ा में पौधारोपण करते वनकर्मी और ग्रामीण।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। हरेले के दिन चंपावत जिले ने इतिहास रचा है। प्रशासन के दावे पर अगर एतबार किया जाए, तो जिले में महज 60 मिनट में नौ लाख से ज्यादा पौधें रोपित किए गए। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि ये नया रिकार्ड है। इस काम में 16 विभागों का सहयोग रहा। चंपावत जिले में हरेले केे दिन 9.52 लाख पौधों को रोपित करने का लक्ष्य रखा गया था।
इसके लिए एक दिन पूर्व तक गड्ढे खोदे जाने से लेकर सभी सरकारी एजेंसियों, गैर सरकारी संगठन और प्रतिनिधियों को पौधे उपलब्ध करा दिए गए थे। डीएम का कहना है कि बृहस्पतिवार सुबह दस से 11 बजे तक 905430 पौधें (207743 फलदार और 697687 वन प्रजाति) लगाए गए हैं। सर्वाधिक 411002 पौधे वन विभाग ने लगाए हैं। इसके अलावा पाटी ब्लाक क्षेत्र में 1.35 लाख, चंपावत में 1.34 लाख, लोहाघाट में 85 हजार व बाराकोट ब्लाक में 33370, उद्यान ने 32300, कृषि 25 हजार, जलागम ने 16400, शिक्षा विभाग ने 10563, भेषज संघ ने छह हजार, स्वजल व जल संस्थान पांच हजार-पांच हजार, नगर निकाय 4195, पुलिस विभाग ने ढाई हजार, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने 2100 और जल निगम एक हजार पौधें रोपे। इस काम में दो हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मियों व जन प्रतिनिधियों ने हाथ बंटाया। एक हेक्टेयर में 1100 पौधे लगते हैं। इस हिसाब से जिलेभर की करीब नौ सौ हेक्टेयर जमीन पर ये पौधे लगाए गए हैं।