प्रशासन की चेतावनी का शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर असर होने लगा है। कुछ व्यापारियों ने सोमवार सेे दुकानों के बाहर फुटपाथ की ओर किया अतिक्रमण खुद हटाना शुरू कर दिया है।
इधर, अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के विरोध में फड़-ठेला व्यवसायियों ने ईओ के माध्यम से एसडीएम को ज्ञापन भेजा है, जिसमें उन्होंने किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले फड़-ठेला व्यवसायियों का पक्ष भी सुनने का आग्रह किया है। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार के समक्ष भी अपना पक्ष रखा।
नायकगोठ निवासी मदन सिंह बोहरा द्वारा दायर जनहित याचिका पर उच्च न्यायालय ने प्रशासन को अतिक्रमणकारियों की सूची उपलब्ध कराने के साथ ही कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके बाद नगर पालिका ने मुख्य बाजार के अलावा सीमेंट रोड और पंत मार्ग पर फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण करने वाले करीब 174 लोगों की सूची तैयार की है।
दो दिन पहले ही एसडीएम दयानंद सरस्वती ने अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को सोमवार तक खुद अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी थी। प्रशासन की हिदायत पर शहर के कुछ व्यापारियों ने दुकानों के आगे किया अतिक्रमण खुद हटाना शुरू कर दिया है।
इधर, फड़-ठेला व्यवसायियों ने ईओ को एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें अतिक्रमण हटाने के फैसले में फड़-ठेला व्यवसायियों का न सुने जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपना पक्ष रखने का मौका दिए जाने का आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष से भी मुलाकात की। ज्ञापन देने वालों में मो. याकूब अंसारी, मुुस्तफा अंसारी, भगवान दास, शंकर, नरेश, शुभम गर्ग, सगीर, पवन भट्ट, उजैर अहमद, इमरान, प्रभु प्रसाद आदि शामिल थे।
टनकपुर में मुख्य बाजार के फुटपाथ से अतिक्रमण हटाते व्यापारी।- फोटो : TANAKPUR