लोहाघाट (चंपावत)। फर्तोला ग्राम पंचायत के गुरना संतोला में पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान हैं। यहां की पेयजल योजना 12 दिनों से खराब है लेकिन कई बार विभाग को जानकारी दिए जाने के बावजूद इसे दुरुस्त नहीं किया जा सका है। ग्रामीण गधेरों से पानी ढोकर प्यास बुझा रहे हैं। नाराज लोगों ने रविवार को खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। योजना की जल्द मरम्मत नहीं करने पर चंपावत में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान ममता तिवारी ने कहा कि गांव में 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। अधिकारी समस्या का निदान नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण गधेरों से पानी ढोकर प्यास बुझाने के लिए मजबूर हैं। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजू अधिकारी और दयाकिशन तिवारी ने कहा कि लोग पानी ढोने के लिए रुपये खर्च कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द योजना की मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में योगेश सिंह, निकिता, सुनीता, माधवी देवी, कलावती देवी, सरस्वती देवी आदि शामिल थे। इधर जल निगम के ईई वीके पाल ने बताया कि पेयजल लाइन को ठीक कराया जा रहा है।