लोकसभा चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन के ऐप की जानकारी देते चंपावत के एडीएम टीएस मर्तोलिया।
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत सी विजिल एप के जरिये की जा सकेगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी टीएस मर्तोलिया ने शनिवार को सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) के प्रशिक्षण में बताया कि आचार संहिता लागू होते ही यह एप काम करना शुरू करेगा। इस एप के जरिये शिकायत दर्ज होने के डेढ़ घंटे के भीतर शिकायतकर्ता को कार्रवाही की भी जानकारी मिल सकेगी।
प्रशिक्षण में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहित साह ने बताया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए सी विजिल एप कारगर साबित होगा। संहिता उल्लंघन के मामले की तस्वीर या वीडियो को संक्षिप्त विवरण के साथ सी विजिल एप में अपलोड करना होगा। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित जांच टीम को सूचित किया जाएगा। टीम संबंधित शिकायत की पुष्टि कर रिपोर्ट एआरओ को भेजेगी। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
एप तीन चरणों में काम करेगा। पहले चरण में शिकायत अपलोड होने के बाद शिकायतकर्ता को यूनिक आईडी मिलेगी। दूसरे चरण में शिकायत नियंत्रण कक्ष में दर्ज होने के साथ फील्ड यूनिट को स्थानांतरित होगी। तीसरे चरण में रिपोर्ट संबंधित आरओ को भेजी जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर आयोग के राष्ट्रीय शिकायत पोर्टल पर भेज दी जाएगी। प्रशिक्षण में एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, टनकपुर के अनिल गर्ब्याल, लोहाघाट के आरसी गौतम, पाटी की शिप्रा जोशी और सहायक निर्वाचन अधिकारी नैन सिंह माहरा मौजूद थे।