बनबसा (चंपावत)। सिने कलाकार हेमंत पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के मानचित्र में लाने में फिल्में कारगर साबित होंगी। सरकार राज्य में सुविधाएं जुटाए तो उत्तराखंड में फिल्मकार शूटिंग को आएंगे, जिससे टूरिज्म और अन्य व्यवसाय बढ़ेगा। राज्य के साथ ही लोगों को भी लाभ पहुंचेगा। वे यहां देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी के आवास पर उनके स्व. पिता गुरुचरण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं।
बरेली में शक्सियत नामक फिल्म की शूटिंग के बाद वे अपने घर पिथौरागढ़ को जाने से पहले बनबसा में रुके। उन्होंने कहा कि फिल्मकारों के लिए उत्तराखंड में विदेशों से कहीं बेहतर लोकेशन हैं। सरकार को यहां सुविधाएं मुहैया करानी होंगी। बताया कि दैवी आपदा का लेकर बनी फिल्म बद्री में मुख्यमंत्री हरीश रावत की भी भूमिका है।
अनटोल्ड स्टोरी, वाह ताज, जस्ट थर्टी, प्रकाश इलेक्ट्रानिक, सिक्स एक्स आदि उनकी आने वाली हिंदी फिल्में हैं। वे गढ़वाल और कुमाऊं के कई क्षेत्रों को स्विट्जरलैंड से कहीं अधिक आकर्षक और सुंदर दर्शनीय स्थल मानते हैं। इस दौरान उनकी पत्नी पुष्पा पांडेय और बच्चे हिमांशु, हर्षित के अलावा मनजीत कौर, दीपू चौधरी आदि मौजूद थे।
हेमंत पांडे ने कहा कि बनबसा पहुंचते ही उन्हें अपने और परिजनों के सभी मोबाइल फोन बंद करने पड़े। नेपाल के सिग्नल पकड़ने से रोमिंग के जरिए आईएसडी रेट पर पैसे कटने से सभी मोबाइल के बैलेंस समाप्त (निल) हो गए।