टनकपुर(चंपावत)। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दीप पाठक के पार्टी से इस्तीफा देने के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल और लोहाघाट के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल अब खुलकर उनके पक्ष में आ गए हैं। दोनों ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और वह इस मामले में प्रदेश संगठन से वार्ता करेंगे।
रविवार को दोनों नेता टनकपुर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पाठक के कार्यालय पहुंचे। पूर्व कबीना मंत्री चुफाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दर्द को देखते हुए पाठक ने पंचायत चुनाव में इस्तीफा दिया है। पाठक के विषय में संगठन से वार्ता की जाएगी और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से संघटन को अवगत कराया जाएगा। लोहाघाट के पूर्व विधायक फर्त्याल ने कहा कि पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उनकी पीड़ा को समझते हुए पाठक ने इस्तीफा दिया था। उन्होंने पाठक से अनुरोध किया कि इस्तीफे पर पुनर्विचार करें। उन्होंने पार्टी को 25 साल सींचा है। इस मौके पर विद्या जुकरिया, हंसा जोशी, अनीता यादव समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।