लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र के बच्चों को स्वतंत्रता दिवस पर वाहन की सौगात मिलेगी। जिलाधिकारी ने बच्चों की समस्या को देखते हुए उनके स्कूल आने जाने के लिए वाहन की व्यवस्था की है। अब बच्चों को स्कूल जाने के लिए पैदल चलने से निजात मिलेगी।
जिला पंचायत सदस्य प्रीति पाठक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहित पाठक के प्रयास रंग लाए हैं। पाठक दंपती ने बताया कि पंचेश्वर क्षेत्र के पंथ्यूड़ा, भकुंडा, अघोड़ा, गजाल, कुलौली, खेत, कफलौदा, भट़्टाक, सिमलौदा, ड्रा आदि गांवों के 33 छात्र छात्राएं करीब 28 किलोमीटर दूर जीआईसी विविल में अध्ययन के लिए आते हैं। घने जंगलों, उबड़-खाबड़ मार्गों को पार कर स्कूल जाने में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बच्चों की दिक्कतों को पाठक दंपती ने प्रमुखता से उठाते हुए पूर्व में जिलाधिकारी और मुख्य शिक्षाधिकारी से बच्चों के स्कूल आने जाने के लिए सरकारी वाहन की व्यवस्था करने की मांग की थी।
पाठक ने बताया कि शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को डीएम ने मंजूरी दी है। 15 अगस्त को छात्र छात्राओं की आवाजाही के लिए वाहन का पंचेश्वर से शुभारंभ होगा होगा। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी सहित शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
कोट
दूरस्थ क्षेत्र से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के लिए योजना बहुत लाभकारी होगी। जहां एक ओर विद्यार्थियों का समय बचेगा, वहीं बिना थके उन्हें सीखने की गति भी बढ़ेगी। - घनश्याम भट़्ट, खंड शिक्षाधिकारी लोहाघाट