बेड़ीनाग (पिथौरागढ़) । पीएमजीएसवाई की ओर से इन दिनों कालीविनायक-पुरानाथल मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस मार्ग पर छह माह पूर्व की गई सोलिंग अधिकांश जगहों पर उखड़ गई है। इसके चलते सड़क से उठने वाली धूल से स्कूली बच्चों समेत आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग में पर बनौली में एक निजी स्कूल भी संचालित है। मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के चलते धूल विद्यालय के कमरों और परिसर में घुस रही है। इससे वहां पढ़ने वाले करीब 500 विद्यार्थियों एवं स्टाफ के सदस्यों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। धूल से लगातार खांसी और अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। मार्ग में डामरीकरण का कार्य धीमी गति से चल रहा है। विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र सिंह बोहरा ने इस संबंध में पीएमजीएसवाई खंड में पत्र देते हुए शीघ्र सड़क को ठीक किए जाने की मांग की है। पत्र में सुनील, जीवन, शोभा, महेश, बलवंत सिंह, कुंदन सिंह, भगवान सिंह समेत कई अभिभावकों के हस्ताक्षर हैं।
-कोट:
कालीविनायक- पुरानाथल मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य चल रहा था। मौसम अनुकूल न होने के कारण कार्य बंद करा दिया गया है। धूल से बचने के लिए सड़क पर लगातार पानी का छिड़काव कराने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। - सौरभ कुमार यादव, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई।