चंपावत। नगर में इन दिनों बदलते मौसम के चलते इसका सीधा असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण बच्चे वायरल की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से रोज 40 से अधिक बच्चे सर्दी-खांसी, बुखार, पेट, आंखों में संक्रमण की समस्या के इलाज के लिए आ रहे हैं।
अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ ने बताया कि वर्तमान में दिन में तेज धूप है तो सुबह शाम ठंड हो रही है। ऐसे में बच्चों में वायरल की बीमारी तेजी से फैल रही है। बदलते मौसम में अभिभावकों को बच्चों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। संतुलित खान-पान भी बेहद जरूरी है। स्तनपान कराने वाली माताओं को ठंडा पानी से परहेज करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बच्चों को ताजा और पौष्टिक भोजन देना अनिवार्य है। पर्याप्त पानी और बदलते मौसम के अनुसार कपड़ों का चयन कर बच्चों को पहनाएं। समस्या होने पर सीधे चिकित्सक से संपर्क कर दवा दें। इधर, जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी 400 से अधिक रही।