चंपावत। जिला मुख्यालय के छतार में एसबीआई की बैंक शाखा अन्यत्र खोलने पर लोगों में आक्रोश है। कहा कि सर्वे के बाद भी जीआईसी चौराहे पर एसबीआई शाखा खोली जा रही है। पुनेठी संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि मांग के विपरीत ऐसा किया जाता है तो एसबीआई के खाते क्षेत्रवासी बंद कर देंगे।
बुधवार को प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरगोविंद सिंह बोहरा के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों ने हल्द्वानी में उपमहाप्रबंधक कृष्णकांत बिश्नोई को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग उठाई है। महाप्रबंधक ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि जल्द अगर सर्वे के आधार पर बैंक शाखा नहीं खुलती है तो है उग्र आंदोलन किया जाएगा। कहा कि लोगों की मांग पर बैंक ने छतार में बैंक खोलने के लिए सर्वे किया था। इसके बाद बैंक शाखा खोलने की स्वीकृति भी मिल गई। स्वीकृति मिलने पर अब सर्वे के विपरीत शाखा को खोली जा रही है। ज्ञापन देने वालों में सेवानिवृत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ललिता प्रसाद पाठक, एसबीआई आरसेटी के पूर्व निदेशक जनार्दन चिलकोटी, शीला पाठक आदि मौजूद रहे।