हत्या और चोरी के आरोप में चेन्नई से नेपाली आरोपियों की तलाश में आई पुलिस ने बनबसा में डेरा जमाया है। आरोपियों की तलाश में उन्होंने बनबसा पुलिस के अलावा नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया है, लेकिन आरोपियों को पकड़ने में अभी सफलता नहीं मिली है।
करीब एक माह पहले दो नेपाली युवकों ने चेन्नई में एक घर में गृहस्वामी की हत्या कर लाखों की नगदी और ज्वैलरी चुरा ली। नेपाली निवासी कुछ युवकों पर इस कांड में करीब एक माह पहले 29 अक्तूबर को चेन्नई के तेन्यांपट थाने में आईपीसी की धारा 302/380 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहां से इंस्पेक्टर टीआर एनगिरि के नेतृत्व में एक पुलिस दल पिछले एक सप्ताह से बनबसा में डेरा जमाए है। बताया गया कि उक्त मुकदमे में चेन्नई पुलिस को कुछ नेपाली युवकों की तलाश है। वांछित नेपाली आरोपियों के संबंध में चेन्नई पुलिस ने नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया है, लेकिन वहां से किसी तरह की मदद नहीं मिल सकी। चेन्नई पुलिस भी कुछ अधिक नहीं बता रही है।