चीन युद्ध के शहीद उत्तम चंद की वीरांगना सरस्वती चंद को सम्मानित करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
चीन युद्ध में 1962 को शहीद हुए पचपकरिया निवासी शहीद उत्तम चंद के 56वें शहीदी दिवस पर उन्हें याद किया गया। इस दौरान दो मिनट का मौन भी रखा गया। गौरव सेनानी कल्याण समिति की ओर से शहीद की वीरांगना सरस्वती चंद को मुख्य अतिथि टनकपुर पावर स्टेशन के मुख्य अभियंता सिविल एसके शर्मा ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
शुक्रवार को शहीद उत्तम चंद विद्यामंदिर स्कूल में गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी की अध्यक्षता एवं पुष्कर कापड़ी के संचालन में हुए कार्यक्रम में सबसे पहले अतिथियों और लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
गौरव सेनानी कल्याण समिति सदस्य कै. हरीश चंद्र कापड़ी ने 16 नवंबर 1962 के युद्ध और शहीद के योगदान के बारे में बताया। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन के मुख्य अभियंता विद्युत अमिताभ झा, सेवानिवृत्त सूबेदार इंदर चंद, बनबसा सेना छावनी स्थित 22 सिख रेजीमेंट के सूबेदार जसविंदर सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बंशीधर उपाध्याय, गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद आदि ने विचार रखे।
प्रधानाचार्य माधवानंद भट्ट ने आभार जताया। इस दौरान स्कूल व्यवस्थापक हेमेंद्र सिंह रावत को भी शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ऊषा गुरूंग, भाजपा नेत्री हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि महेश मुरारी, रमेश चंद, गणेश चंद, गौरव सेनानी कल्याण समिति के कै. त्रिभुवन भाटिया, सूबेदार बीबी पांडेय, चंद्रशेखर चंद, राम सिंह खोलिया आदि थे।