टनकपुर/लोहाघाट/पिथौरागढ़। क्षेत्र में रह रहे पूर्वांचल क्षेत्र के लोगों ने रविवार को छठ पर्व धूमधाम से मनाया। जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में भी छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूूजा-अर्चना की।
पिथौरागढ़ में पूर्वांचल मूल के परिवारों ने आकाशवाणी के पास छठ पूजा का आयोजन किया। छठ पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में विशेष उल्लास रहा। आकाशवाणी के पास बने पंडाल में दोपहर दो बजे से भजन-कीर्तन शुरू हो गए थे। एक श्रद्धालु राधा ने बताया कि सोमवार तड़के पूजा-अर्चना होगी। उगते सूरज को अर्घ्य देने के बाद व्रत का उद्यापन किया जाएगा। इस दौरान सविता, पूनम, चांदनी, रमा आदि शामिल रहे।
छठ पूजा के लिए लोहाघाट के शिवालय में रविवार दोपहर बाद से महिलाओं और पुरुषों का आना शुरू हो गया। महिलाओं ने टोकरी में फल, ठेकुवा, दूध आदि रखकर लोहावती नदी के तट पर डूबते सूरज को अर्घ्य दिया। इस दौरान बच्चों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इसके बाद उपवास रखने वाली महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। मनोकामना पूरी करने के लिए सभी महिलाएं 48 घंटे तक उपवास कर रहीं हैं। बृजकिशोर चौरसिया, सीता देवी, सावित्री देवी, सुनीता देवी, सुगंधी देवी, दीपक राय, मुकेश, आदर्श कुमार, क्रिस कुमार, सुरेश सिंह, मुख्तार सिंह आदि थे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
टनकपुर, बनबसा में भी शारदा नदी और नहरों के घाटों पर सामूहिक रूप से छठ पूजा की जा रही है।