चंपावत। जिला अस्पताल में सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में पिछले एक माह से वृद्धि दर्ज हो रही है। अस्पताल की ओपीडी में अक्सर 300 पार जा रही है। मौसम के चलते सांस फूलना, खांसी और सीने में जकड़न जैसी समस्याओं के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे और 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बदलते मौसम, बढ़ते वायु प्रदूषण और धूल के कारण इस प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वह जल्दी इसकी चपेट में आ जाते हैं। बताया कि लोग बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें, धूल और प्रदूषण से बचें और किसी भी प्रकार की सांस संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने बताया कि अमूमन मार्च में सांस की बीमारी बेहद कम आते हैं लेकिन पिछले कुछ समय से सांस के मरीज बढ़ रहे हैं।