युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक विभाग की ओर से तीन दिवसीय जिला स्तरीय राजीव गांधी खेल प्रतियोगिता का समापन हो गया। अंतिम दिन सोमवार को अंडर-16 बालक वर्ग की प्रतियोगिता हुई। 9 प्रतिस्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर चंपावत विकासखंड चैंपियन बना। जबकि पाटी दूसरे और बाराकोट तीसरे नंबर पर रहा।
गोला फेंक प्रतियोगिता में चंपावत के विजय जोशी ने 9.34 मीटर दूरी पर गोला फेंक प्रथम स्थान प्राप्त किया। बाराकोट के कुलदीप दूसरे और चंपावत के मनोज सिंह तीसरे नंबर पर रहे। विजेताओं को मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी हरीश चंद्र जोशी ने पुरस्कृत किया।
कबड्डी में पाटी विकासखंड ने शानदार प्रदर्शन कर सबको पछाड़ा। फायनल में लोहाघाट को पटखनी देकर पाटी चैंपियन बना। चंपावत तीसरे नंबर पर रहा। ऊंची कूद में चंपावत के प्रकाश सिंह ने पांच फीट ऊंची जंप लगाकर प्रथम स्थान हासिल किया। लोहाघाट के अमन सिंह और चंपावत के हिमांशु खर्कवाल दूसरे तथा तीसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में चंपावत के राकेश कुमार, सौरभ कश्यप और दीपक महर, चक्का फेंक में दीपक सिंह, मनोज सिंह और पवन कालाकोटी क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहे। बैडमिंटन में लोहाघाट ने चंपावत और खो-खो में चंपावत ने लोहाघाट को हराया। वॉलीबाल में बाराकोट प्रथम, लोहाघाट द्वितीय और चंपावत तृतीय रहे।
फर्राटा में चंपावत के कमल किशोर, सौरभ कश्यप, क्षितिज शुक्ला, 400 मीटर में कमल किशोर, पंकज गहतोड़ी, कमल, 800 मीटर में गिरीश चंद्र, सचिन कुमार, पंकज कुमार, 1500 मीटर में गिरीश चंद्र, सुनील सामंत, सुंदर सिंह, 3000 मीटर में सूरज थापा, नीरज महर, रजत चौधरी और चार गुना 100 मीटर दौड़ में बाराकोट, पाटी और चंपावत विकासखंड क्रमश: प्रथम तीन स्थान पर रहे।