चंपावत के नवागत डीएम नवनीत पांडेय।
चंपावत। नेपाल सीमा से लगा चंपावत जिला 25 जुलाई से जिलाधिकारी के बगैर है। 15 दिन बाद शासन ने आठ अगस्त को डीएम के नाम का एलान कर दिया है। अपर सचिव, शहरी विकास और आईसीडीएस के निदेशक नवनीत पांडेय चंपावत के नए डीएम होंगे। वे चंपावत के 23वें डीएम होंगे। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि 2015 बैच के आईएएस अधिकारी पांडेय के बृहस्पतिवार को चंपावत पहुंचेंगे। पीसीएस अफसर के रूप में वे मई 2006 से सितंबर 2007 तक पूर्णागिरि (टनकपुर) तहसील के एसडीएम के रूप में भी सेवा दे चुके हैं।
बाक्स
दो एसडीएम आएंगे एक जाएंगे
चंपावत। चंपावत जिले को दो एसडीएम भी मिल गए हैंं। पौड़ी के डिप्टी कलक्टर आकाश जोशी और देहरादून के डिप्टी कलक्टर सौरभ असवाल को चंपावत भेजा गया है। वहीं पाटी के एसडीएम अनिल कुमार चन्याल को पौड़ी भेजा गया है। इस वजह से दो उप जिलाधिकारी मिलने के बाद भी चंपावत जिले की एक तहसील बगैर एसडीएम की रहेगी। फिलहाल चंपावत जिले में लोहाघाट की एसडीएम रिंकू बिष्ट के पास चंपावत और टनकपुर का अतिरिक्त प्रभार है।