चंपावत। चंपावत जिले को दो विशेषज्ञ डॉक्टर मिलेंगे। इन चिकित्सकों को संविदा पर तैनात किया गया है। इन चिकित्सकों की तैनाती से जिले की स्वास्थ्य सेवा में सुधार होगा। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि चंपावत जिला अस्पताल में डॉ. प्रीति यादव फिजिशियन और टनकपुर उप जिला अस्पताल में डॉ. रश्मि संजय कूट पैथोलॉजिस्ट के रूप में सेवा देंगी। मैदानी क्षेत्र में पैथोलॉजी की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से उत्तराखंड को 24 विशेषज्ञ डॉक्टर दिए गए हैं। हर डॉक्टर को चार लाख रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। एनएचएम के अतिरिक्त मिशन निदेशक अमनदीप कौर ने चिकित्सकों की सूची जारी की। प्रदेश में छह सर्जन, पांच बाल रोग विशेषज्ञ, तीन फिजिशियन, दो-दो निश्चेतक, ईएनटी और रेडियोलॉजिस्ट के अलावा एक-एक पैथोलॉजिस्ट, गायनालॉजिस्ट, नेत्र रोग, अस्थिरोग विशेषज्ञ की तैनाती की गई है। इन सभी चिकित्सकों को 30 दिन के भीतर पदभार ग्रहण करना होगा। 11 माह की संविदा के कार्य प्रदर्शन के आधार पर एनएचएम के निदेशक को सेवा नवीनीकरण का अधिकार होगा।