चंपावत के रोडवेज स्टेशन का आधुनिक थ्रीडी डिजाइन। स्रोत : सीएनडीएस
चंपावत। नगर के रोडवेज स्टेशन को कुमाऊंनी शैली में आधुनिक रूप देने का काम किया जाएगा। करीब 63 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी रोडवेज स्टेशन में पार्किंग की सुविधा के साथ करीब 59 दुकानें भी बनाई जाएंगी।
पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम (सीएनडीएस) ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रोडवेज स्टेशन को आधुनिक मल्टी स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कांप्लेक्स का प्रस्ताव तैयार किया है। आधुनिक स्टेशन में बेसमेंट एरिया, ग्राउंड फ्लोर, प्रथम, द्वितीय फ्लोर का निर्माण किया जाएगा। बेसमेंट में 101 वाहनों की पार्किंग की सुविधा के साथ ही गार्ड रूम बनेगा। ग्राउंड फ्लोर पर तीन दुकानें, दो रेस्टोरेंट, चार क्योस्क, रोडवेज कार्यालय होगा। 15 बसों के पार्क करने की सुविधा होगी। दूसरे फ्लोर में चालकों के लिए डोर मेट्री, 26 दुकानें और ऑफिस एरिया होगा। तीसरे फ्लोर में रेस्टोरेंट, बरात घर, 30 दुकानें, छह अतिथि कक्ष होंगे। सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर जीसी पंत ने बताया कि शासन को 63 करोड़ की लागत का प्रस्ताव भेजा है। इसका मुख्य सचिव के सामने प्रजेंटेशन होना है। उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। बस स्टेशन में कुमाऊंनी शैली की झलक भी दिखेगी।