चंपावत। जिला मुख्यालय का रोडवेज स्टेशन निजी वाहनों का पार्किंग स्थल बन गया है। बस स्टेशन में रोडवेज की बसें कम और निजी वाहन ज्यादा खड़े रहते हैं जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टेशन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाता है लेकिन लोग सुधरने के लिए तैयार नहीं हैं।
बस स्टेशन के दोनों गेट पर पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है। बावजूद इसके निजी वाहनों के स्टेशन में पार्किंग करने का सिलसिला जारी है। नागरिकों की ओर से कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस संबंध में रोडवेज के एआरएम नरेंद्र गौतम का कहना है कि रोडवेज स्टेशन में निजी वाहनों को खड़ा करने के लिए मना किया जाता है लेकिन लोग अभद्रता और गालीगलौज पर उतारू हो जाते हैं। इस संबंध में कई बार पुलिस से भी शिकायत की गई है। संवाद