बनबसा (चंपावत)। बनबसा बाॅर्डर पर नेपाल में बनने वाले सूखा बंदरगाह (ड्रायपोर्ट) को भारत से जोड़ने वाले निर्माणाधीन एनएच 109डी पर ग्रामीणों को सुविधाएं नहीं देने पर उन्होंने विरोध जताया है। ग्रामीणों ने मांग नहीं माने जाने पर आंदोलन करने के साथ ही चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर धरना दिया। उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमार्ग से जोड़ने के लिए लिंक रोड निर्माण करने के अलावा पचपकरिया में पुलिया निर्माण, पचपकरिया गुदमी मुख्यमार्ग स्थित गड्ढों को भरने और स्पीड ब्रेकर का निर्माण करने की मांग रखी।
सड़क निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित शर्मा ने उनकी हर संभव समस्याओं को अपने स्तर से पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमार्ग से लिंक मार्ग बनाकर गांवों को जोड़ने पर असहमति जताते हुए ग्रामीणों को सरकार या एनएचएआई मुख्यालय में अपनी समस्या रखने को कहा। वहां जिला पंचायत सदस्य पुष्कर दत्त कापड़ी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष बहादुर सिंह पाटनी, ग्रामप्रधान महेश मुरारी, देवीपुरा प्रधान दीपक प्रकाश चंद, गुदमी प्रधान विनीता राना, पूर्व प्रधान प्रकाश आर्या, पूर्व बीडीसी सदस्य जसवंत सिंह बसेड़ा आदि ग्रामीण थे। संवाद