चंपावत-टनकपुर एनएच में धौन के पास भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने से यातायात रहा बंद। संवाद
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत/टनकपुर। भारी बारिश होने के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के विपरीत चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश बहुत कम हुई। चंपावत में महज पांच मिलीमीटर तो जिले के मैदानी क्षेत्र में 19 मिलीमीटर बारिश हुई। मलबा आने से टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटा यातायात बंद रहा। इसके अलावा चंपावत जिले की ग्रामीण क्षेत्रों की तीन सड़कें बंद हैं। इधर, पूर्णागिरि धाम पर 21 जुलाई को भी एहतियातन आवाजाही पर रोक जारी रहेगी।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक एनएच पर धौन के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे मलबा आने से सड़क बंद हो गई। मलबा हटाने के बाद दो बजे आवाजाही फिर से सुचारु हुई। अलबत्ता इस अवधि में वाहन में फंसे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। इधर, टनकपुर में पूर्णागिरि मार्ग पर भी करीब एक घंटे तक आवाजाही बाधित रही। थ्वालखेड़ा नाले के उफान पर आने से आवागमन बाधित रहा। मौसम खुलने पर ट्यूशन गई कुछ छात्राओं को काफी देर इंतजार करना पड़ा। बाद में उन्हें परिजनों और ग्रामीणों की मदद से नाला पार कराया गया। संवाद
आज खुलेंगे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
चंपावत। भारी बारिश की भविष्यवाणी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले भर के इंटर तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद किए थे। अलबत्ता बृहस्पतिवार को स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र पहले की तरह खुलेंगे।
चंपावत जिले की बंद तीन ग्रामीण सड़कें:
बसौटी-रोकुंवर, धौन-दियूरी और धौन-दियूरी-बजौनी सड़क।
चंपावत जिले का बारिश का आंकड़ा:
चंपावत: 5 मिलीमीटर
लोहाघाट: 1 मिलीमीटर
पाटी: 1.50 मिलीमीटर
बनबसा: 19 मिलीमीटर