चंपावत जिले के मंच तल्ला देश से टनकपुर की दूरी बहुत कम हो गई है। तरकुली से टीजे सड़क जुड़ने के बाद टनकपुर का सफर सिर्फ 53 किमी का रह गया है। जबकि मंच से टनकपुर का सफर 72 किमी हो गया है। इससे यात्रियों को मंच से टनकपुर पहुंचने में सिर्फ दो घंटे लगेंगे। वहीं मंच तामली क्षेत्र में 98 लाख की लागत से आठ किमी तरकुली से इससे आगे रूपालीगाड़ तक रोड कटिंग के कार्य का लोकार्पण विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने किया।
दीपावली के बाद भाई दूज पर तल्लादेश के लोगों को विकास के रूप में सड़क का तोहफा मिल गया। 25,000 से अधिक आबादी वाले सीमांत तल्लादेश को इसका लाभ मिलेगा। एसएसबी के जवानों के लिए आवाजाही आसान हेागी।
सड़क बनने से जहां पलायन बढ़ रहा था वहां अब रिवर्स पलायन बढ़ने की उम्मीद है। नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि सीएम के नेतृत्व में जिला लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। चाहे वह कोई भी क्षेत्र हो। उन्होंने बताया कि तामली से रूपालीगाढ़-टनकपुर सड़क का कार्य भी प्रगति में है। सड़क पूरी होने के बाद बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
धार्मिक पर्यटन के भी खुलेंगे द्वार
तरकुली के टीजे सड़क के बनने से धार्मिक पर्यटन के द्वार भी खुलेंगे। तल्ला देश के प्रसिद्ध धाम गुरु गोरखनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। सीधे टनकपुर से मंच पहुंचकर लोग पूजा अर्चना कर एक ही दिन में वापस टनकपुर जा सकेंगे जबकि पूर्व में लोग वाया चंपावत होते हुए मंच पहुंचते थे।
पहले करना पड़ता था 117 किमी का सफर
सड़क बनने से बड़ी राहत मिली है। तरकुली सड़क टीजे से मिलने से टनकपुर का सफर आसान हो गया है। सीएम का सड़क निर्माण कराने के लिए आभार है।
- गोविंद देवी, स्थानीय।
तरकुली सड़क के मिलान से तल्लादेश का विकास तेजी से होगा। यह सड़क ग्रामीणों के साथ ही एसएसबी के जवानों के लिए भी आवाजाही का एक आसान माध्यम बनेगी।