डामरीकरण के दौरान चंपावत-खेतीखान सड़क पर लगा जाम।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। शिवरात्रि से एक दिन पहले बुधवार को चंपावत-खेतीखान सड़क पर कई बार जाम लगा। डामरीकरण के चलते दिन भर में तीन बार में कुल डेढ़ घंटे तक लगे जाम से लोग परेशान रहे। जाम के चलते कई लोगों को स्कूल और कार्यालय में आने-जाने में देरी भी हुई।
जिला मुख्यालय चंपावत के आसपास इन दिनों कलक्ट्रेट, छतार, कनलगांव, पुलिस लाइन आदि सड़कों पर डामर करने का काम चल रहा है। बुधवार को सीके सड़क पर डामर के दौरान ललुवापानी के पास काफी देर तक आवाजाही ठप रही। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक तीन बार में डेढ़ घंटे तक इस मार्ग से गुजरने वालों को जाम का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग के चंपावत खंड के ईई एमसी पांडेय का कहना है कि कम से कम आवाजाही बाधित होने के लिए काम करा रही एजेंसी को निर्देशित किया जाएगा। बता दें कि नगर क्षेत्र के आसपास की 17 किमी सड़क पर 3.20 करोड़ रुपये से डामर किया जा रहा है। इस काम को इस माह के अंत तक पूरा करा लिया जाएगा।