फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इतिहास, अध्यात्म और संस्कृति की धरोहर है चंपावत : धामी

Wed, 18 Feb 2026 10:31 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
टनकपुर में चंपावत सरस कार्बेट महोत्सव 2026 के पहले दिन योग दीदी सखी अभियान पुस्तिका का लोकार्पण
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के अपने संकल्प को पूर्ण किए बिना विश्राम नहीं करेंगे। सरकार विकास के साथ प्रदेश की पहचान, संस्कृति और सामाजिक संतुलन की रक्षा के लिए संकल्पित है। चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 केवल सात दिनों का आयोजन नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य, मातृशक्ति के सामर्थ्य, युवाओं के उत्साह और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का जीवंत उत्सव है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सीएम कैंप कार्यालय देहरादून से वर्चुअल माध्यम से महोत्सव का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष महोत्सव को शीतकालीन कॉर्बेट महोत्सव के रूप में भी आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होली पर्व के चलते चंपावत के प्रत्येक घर में इन दिनों उत्साह और उमंग का वातावरण है। काली कुमाऊं की होली अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के कारण पूरे देश में अलग स्थान रखती है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव के तहत पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, हॉट एयर बलून, रिवर राफ्टिंग, पैरामोटरिंग, पक्षी अवलोकन और ट्रैकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के माध्यम से चंपावत को राष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन विकसित होंगे।
विज्ञापन

सीएम ने मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर का मुद्दा भी जनता के समक्ष रखते हुए कहा कि शारदा रिवर फ्रंट के तहत परिक्रमा मार्ग से मां पूर्णागिरि धाम, चूका, श्यामलाताल और शारदा घाट जैसे प्रमुख धार्मिक, पर्यटन स्थलों को जोड़ा जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष आंनद सिंह अधिकारी ने योग दीदी सखी अभियान पुस्तिका का लोकार्पण किया। वहां डीएम मनीष कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, टनकपुर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, प्रकाश तिवारी, पूरन मेहरा, गोविंद बोहरा, कैप्टन भानी चंद, मोहन चंद, तुलसी कुंवर आदि मौजूद रहे।

जिम काॅर्बेट की आत्मकथा से वैश्विक स्तर पर क्षेत्र को पहचान मिली
सीएम ने कहा कि जिम कॉर्बेट और उनकी कहानियां देश-दुनिया में प्रसिद्ध हैं। उनकी आत्मकथाओं के माध्यम से चंपावत-लोहाघाट क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर वन्यजीव प्रेमियों और टाइगर लवर्स के बीच पहचान मिली। वर्ष 1907 में चंपावत क्षेत्र में कुख्यात आदमखोर मैन इटर का अंत कर उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई और आगे चलकर वन्यजीव संरक्षण की प्रेरणा दी। यह क्षेत्र आज भी साहस, इतिहास और प्रकृति प्रेम का अद्भुत केंद्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि मधुबनी चित्रकला एवं आधुनिक कला कार्यशालाएं, विज्ञान प्रदर्शनी, लोक संस्कृति कार्यक्रम और जागरूकता कार्यशालाएं इसे बहुआयामी स्वरूप प्रदान करेंगी। साथ ही आयोजित खाद्य उत्सव पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान देगा। यह आयोजन वोकल फॉर लोकल की भावना को सशक्त करते हुए लोकल फॉर ग्लोबल का मार्ग प्रशस्त करेगा।
पैरामोटर क्राॅस कंट्री में सात जांबाज पायलटों ने भरी उड़ान

सरस काॅर्बेट महोत्सव के पहले पहले दिन भारत में पहली पैरामोटर क्रॉस कंट्री का ऐतिहासिक आगाज हुआ। भारत में पहली बार चंपावत में 120 किमी लंबी पैरामोटर क्रॉस कंट्री उड़ान में सात जांबाज पायलट एक साथ उड़ान भरते हुए दुर्गम पर्वतीय भूभाग के ऊपर से रोमांचक हवाई यात्रा कर उचौलिगोठ से डांडा, रीठा, लोहाघाट होकर चौथे दिन टनकपुर पहुंचे। यह एक साहसिक खेल जनपद में वर्ष भर पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करते हुए शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान देने और पर्वतीय जिलों में आर्थिक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक के रूप में देखा जा रहा है।
सामूहिक योग समेत कई कार्यक्रम हुए

सरस कार्बेट महोत्सव के पहले दिन सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योग अभ्यास किया गया। इसके बाद राजकीय प्राथमिक स्कूल चंदनी के छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। नशा मुक्त भारत और, टीबी मुक्त अभियान के तहत गोष्ठी हुई। महात्मा गांधी स्कूल के बच्चों ने झोड़ा नृत्य से धूम मचाई। संचालन शिक्षक त्रिलोचन जोशी ने किया। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट की टीम ने भी प्रस्तुति दी। विभिन्न स्कूली बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें