चंपावत। चंपावत जिले ने भारत सरकार के बीस सूत्री कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू करने में प्रदेश में फिर पहला स्थान हासिल किया है। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि जिले ने कुल 40 रैंकिंग मदों में से 38 में ए श्रेणी और दो में बी श्रेणी प्राप्त की है। किसी भी मद में जनपद को सी और डी श्रेणी नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि यह विकास योजनाओं के गुणवत्ता के साथ समय पर क्रियान्वयन को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि जिले को कुल 123 अंकों में से 121 अंक मिले हैं। इसके साथ ही जिले ने 98.37 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। वहीं बागेश्वर 98.29 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और ऊधमसिंह नगर 96.75 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
डीएम मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद का उद्देश्य केवल रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त करना नहीं बल्कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। संवाद