चंपावत। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में चंपावत जिला 96.97 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर है। बागेश्वर जिला 96.37 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा है।
उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने प्रदेश में जिले का परचम लहराया है। हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा के लिए चंपावत में 2919 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें से 2876 ने परीक्षा दी और 2789 उत्तीर्ण हुए। जिले का उत्तीर्ण प्रतिशत अन्य 12 जिलों से अधिक है। रुद्रप्रयाग जिला इसमें मामले में तीसरे स्थान पर है।
वहां 3486 छात्र-छात्राओं में से 3442 ने परीक्षा दी जबकि 3271 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। चंपावत जिला उत्तीर्ण प्रतिशत में भी अव्वल रहा है। पंजीकृत छात्र-छात्राओं के हिसाब से 375 बच्चे फर्स्ट ऑनर्स, 1079 बच्चे प्रथम, 1123 द्वितीय और 213 बच्चे तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। मेरिट सूची में पहले ही चंपावत पिछड़ा है, लेकिन हाईस्कूल की परीक्षा में छात्र-छात्राओं के शानदार प्रदर्शन से प्रदेश में जिले का मान बढ़ा है।
सीईओ एमएस बिष्ट ने बताया कि शिक्षकों की मेहनत रंग लाई है। इस बार हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम शानदार रहा है। सभी के प्रयास से यह संभव हुआ है। सभी सफल बच्चों और उनके शिक्षकों को ढेर सारी शुभकामनाएं हैं। उम्मीद है कि भविष्य में भी इस रिकार्ड को बरकरार रखने का काम किया जाएगा।