चंपावत। 25 सूत्री कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक सफलतापूर्वक लागू करने में चंपावत जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। प्रदेश के 13 जिलों में से चंपावत जिले ने 51 योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.05 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
डीएम मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद चंपावत ने विकास के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। नियोजन विभाग, अर्थ एवं संख्या निदेशालय द्वारा जारी वित्तीय वर्ष 2025-26 के मार्च माह के प्रगति प्रतिवेदन में जनपद चंपावत ने 25 सूत्री कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जारी रैंकिंग के अनुसार, चंपावत जिले में 51 योजनाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 92.05 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं पिथौरागढ़ जनपद 50 योजनाओं में 91.35 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान, रुद्रप्रयाग जनपद 43 योजनाओं में 86.03 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी ने बताया कि 25 सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत इको-टूरिज्म विकास, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पौधरोपण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में जनपद का प्रदर्शन अच्छा रहा।
डीएम ने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने में सभी विभागों ने समर्पण और समन्वय के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।