चंपावत। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने वर्चुअल के जरिये से जिला अस्पताल में 100 एलपीएम के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि चंपावत में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना से जिले के लोगों को फायदा होगा तथा हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज पर भी दबाव कम होगा। कहा कि ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट की वजह से ऑक्सीजन के मामले में चंपावत आत्मनिर्भर बन गया है।
डीएम विनीत तोमर ने बताया कि जिला अस्पताल में 100 एलपीएम के क्रायोजेनिक ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना पीएम केयर फंड से की गई है। इससे 66 ऑक्सीजन बेड को संचालित करने के साथ छह आईसीयू बेडों को भी संचालित किया जा सकेगा। प्लांट की स्थापना से दूरदराज के ग्रामीणों को एवं चंपावत के मरीजों को लाभ मिलेगा। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि प्लांट में तीन ऑक्सीजन सिलिंडर लगे हैं। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि शंकर दत्त पांडेय, एडीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी, डॉ. विवेक, डॉ. अजय, डॉ. हिमांशु, चीफ फार्मासिस्ट विष्णु गिरी गोस्वामी आदि मौजूद थे।