चंपावत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। जिले के चार ब्लॉकों में चुनाव होने हैं। इसमें लोहाघाट और पाटी ब्लॉक में पहले चरण चुनाव होगा जबकि चंपावत और बाराकोट ब्लॉक में द्वितीय चरण में चुनाव होगा। जिले में बाराकोट ब्लॉक की सीट अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। अनंतिम प्रकाशन के बाद चंपावत ब्लॉक की सीट महिला आरक्षित हो गई है। पाटी और लोहाघाट ब्लॉक की सीट को अनारक्षित किया गया है। संवाद
जिला पंचायत सदस्य कर सकेंगे दो लाख खर्च
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य दो लाख रुपये की धनराशि खर्च कर सकेंगे जबकि पिछली बार 1.40 लाख रुपये खर्च करने की अनुमति थी। ग्राम पंचायत के प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य के उम्मीदवार चुनाव में 75-75 हजार की राशि खर्च कर सकेंगे, जो पिछली बार से 25 हजार अधिक है। पिछले पंचायत चुनाव में 50-50 हजार रुपये खर्च करने की अनुमति थी। इसी तरह ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव में प्रत्याशियों की ओर से 10-10 हजार की राशि व्यय की जा सकेगी। जिले में तीन जब्ती और प्रवर्तन टीमें बनाई जाएंगी।
प्रधान पद का मतपत्र होगा हरे रंग का
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतपत्रों का रंग निर्धारित कर लिया गया है। प्रधान पद का हरा, ग्राम पंचायत सदस्य का सफेद, क्षेत्र पंचायत सदस्य का नीला और जिला पंचायत सदस्य का गुलाबी रंग का मतपत्र होगा।