लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के बंतोली में एक गोशाला में आग लगने से उसमें बंधी दुधारू गाय और बछड़े की मौत हो गई। दुधारू गाय की मौत होने के बाद विधवा महिला के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है।
ग्राम प्रधान नारायण सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 12 बजे गांव की विमला देवी पत्नी स्वर्गीय विक्रम सिंह की गोशाला में आग लग गई थी। उन्होंने साहस दिखाते हुए आग बुझाने के साथ गोठ में बंधी गाय और बछड़े को बाहर निकाला। हालांकि कुछ देर बाद दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। विमला ने ऋण लेकर गाय खरीदी थी, जिसका दूध बेचकर वह अपनी आजीविका चलाती थीं। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि उन्होंने पटवारी को बुधवार की सुबह ही सूचना दी थी। सूचना देने के बाद भी किसी भी अधिकारी ने उनकी सुध लेने तक की जहमत नहीं उठाई। वार्ड सदस्य सुरेश सिंह आदि ने पीड़ित महिला को मुआवजा देने की मांग की है।