रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ केवि क्रमांक दो का वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस दौरान प्रथम स्थान पाने वाले टैगोर हाउस को सर्वश्रेष्ठ ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
एनएचपीसी स्थित केवि क्रमांक दो के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक रईस मियां ने किया। प्राचार्या रंजना बरफाल ने स्कूल की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विद्यालय को देहरादून संभाग स्तर पर हरित विद्यालय का द्वितीय पुरस्कार मिला है। इस मौके पर बच्चों ने देश की विभिन्न सांस्कृतिक छंटाओं को प्रदर्शित करते रंगारंग कार्यक्रम से दर्शकों का मन मोह लिया।
बच्चों द्वारा स्वच्छता पर प्रस्तुत संदेशात्मक नाटिका ने सभी झकझोर दिया। हास्य और व्यंग नाटिकाओं ने दर्शकों का खासा मनोरंजन किया। समारोह में शिक्षण क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के अलावा खेलकूद और अन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि रईस मियां, उनकी पत्नी मुनीफा खतून और मुख्य अभियंता अमिताभ झा ने पुरस्कार बांटे। संचालन मोहम्मद मुदस्सिर और एसबी पाल ने किया। वरिष्ठ शिक्षक श्याम लाल ने आभार जताया। इस मौके पर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बंशीधर उपाध्याय, सीआईएसएफ के एसी बीएस बिष्ट, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट सागर जोशी, डॉ. गरिमा पाहवा, डॉ. गौरव शर्मा आदि थे।
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का किया सम्मान
बनबसा (चंपावत)। जेईई मेन में चयनित पिछले सत्र के मेधावी छात्र सार्थक अग्रवाल, गणित ओलंपियाड में नेशनल में चयनित श्रेया चंद और सौरभ श्रीवास्तव, विद्यालय विकास मंथन (वीवीएम) में देहरादून संभाग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हर्षवर्धन रावत, सत्यम चंद, संभागीय सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में द्वितीय स्थान पर रहे प्रिया दर्शन एमपी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।