टनकपुर(चंपावत)। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने मां पूर्णागिरि धाम में करीब एक करोड़ की लागत से 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके लिए टीआरसी पार्किंग के पास स्मार्ट कंट्रोल रूम बनाया गया है। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम आकाश जोशी ने टनकपुर कोतवाली और तहसील में बने स्मार्ट कंट्रोल रूम का ट्रायल शुरु किया।
वर्षभर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सीसीटीवी कैमरे लगाकर कंट्रोल रूम बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए जिला प्रशासन ने 50 कैमरे लगाए हैं और 14 कैमरे लगाए जाने हैं। एसडीएम ने बताया कि जल्द ही शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। वहां जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित बोहरा समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।