भारत से नेपाल ले जाए जा रहे प्रतिबंधित सामान को जब्त कर एसएसबी ने कस्टम के सुपुर्द किया है। सामान ले जा रहे तस्कर बाइक और साइकिल छोड़कर फरार हो गए। पकड़े गए सामान की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
एसएसबी की 57वीं वाहिनी की डी कंपनी के जवान प्रभारी उप सेनायक नरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में भारत-नेपाल पिलर संख्या 10 के पास गश्त पर थे। इसी बीच भारत से नेपाल को जा रही एक बाइक और साइकिल को एसएसबी जवानों ने रुकने को कहा तो वे बाइक और साइकिल छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए। बाइक एवं साइकिल में लदे सीमेंट और रासायनिक खाद के कट्टे, एक क्विंटल चीनी, रिफाइंड तेल, कीटनाशक दवाएं और खुखरी सिगरेट के पैकेट बरामद हुए है। एसएसबी ने बरामद सामान, बाइक और साइकिल खटीमा कस्टम कार्यालय के सुपुर्द की है। गश्त टीम में एएसआई सतपाल वर्मा, एचसी राजीव, पंकज, रंजीत, राजीव, सनी चौधरी, संजीव, रंजीत आदि जवान शामिल थे।