टनकपुर (चंपावत)। डिग्री काॅलेज की प्राचार्य डाॅ. अनुपमा तिवारी ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में दो छात्र और एक प्राध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि प्राचार्य ने तहरीर देकर कहा है कि बीती 29 अगस्त को राजेंद्र सिंह राजू और अन्य फुटबाल खिलाड़ियों ने उनके कक्ष का घेराव कर अभद्रता कर उनको डराया-धमकाया। आरोप लगाया कि राजेंद्र सिंह ने पूर्व में भी उनके साथ अभद्रता की है। प्राचार्य ने एक अन्य छात्र विकास आर्य पर भी पूर्व में एथलेटिक्स की ट्राॅफी घर ले जाने की बात पर उनके साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया।
इसके अलावा प्राचार्य ने काॅलेज में कार्यरत एक प्राध्यापक पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रसारित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्य में बाधा, धमकी और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में छात्र राजेंद्र सिंह, विकास आर्य और एक प्राध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।