संवाद न्यूज एजेंसी, लोहाघाट (चंपावत)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उत्तराखंड सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने वाले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह मुकदमा खुद पंचेश्वर कोतवाली के प्रभारी की ओर से दर्ज कराया गया है। कोतवाली प्रभारी अनुराग सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने की हिमाकत करने वाला शख्स नेपाल सीमा से लगे पुंडील कुनाड़ी रौसाल क्षेत्र का पुष्कर सिंह कुंवर (25) है। आरोपी युवक इस वक्त राजस्थान के बीकानेर में है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 504 व 505 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ने फेसबुक पर अप्रैल में यह आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। मामले की जांच खुद कोतवाल अनुराग सिंह कर रहे हैं।