एनएच पर अमोड़ी-स्वाला के बीच खाई में गिरी कार। स्रोत : पुलिस
टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-चंपावत एनएच पर स्वाला डेंजर जोन और अमोड़ी के बीच एक कार अनियंत्रित होकर 20-25 फिट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। मौके से गुजर रहे सेना के जवान देवदूत बने और घायलों को कार से निकालकर अस्पताल भिजवाया।
चल्थी पुलिस चौकी इंचार्ज राकेश कठायत ने बताया कि रविवार को मूल रूप से ऊधमसिंह नगर के जसपुर और हाल पिथौरागढ़ निवासी लकड़ी व्यापारी मो. फैसल (26) पुत्र मोहम्मद नईम काशीपुर से कार (यूके 05 ई 8191) से अपने जीजा पिथौरागढ़ के रेडीमेड गारमेंट्स व्यापारी मोहम्मद आरिफ (42) पुत्र मो. सद्दीक, बहन साहिबा परवीन (32) पत्नी मो. आरिफ, भांजे अब्दुला (6) और भांजी इनाया नूर (8) के साथ पिथौरागढ़ जा रहा था।
सुबह करीब 11 बजे अमोड़ी-स्वाला के बीच में फैसल को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20-25 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे के दौरान चंपावत से आ रहे सेना के वाहन में सवार जवानों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने त्वरित कार्रवाई कर कार से सभी को निकालकर एक प्राइवेट वाहन से टनकपुर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मो. आरिफ ने बताया कि कार पत्थर से अटक गई। वह लोग तो कार में ही बंद हो गए थे। सेना के जवानों ने खाई में उतरकर उनको बाहर निकाला। गनीमत रही कार पत्थर पर अटक गई थी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उप जिला अस्पताल में डाॅ. जितेंद्र जोशी ने घायल साहिबा परवीन, इनाया नूर और मो. फैसल का प्राथमिक इलाज किया। इसमें साहिबा परवीन के कंधे में चोट आई। अन्य दो को मामूली चोट ही आई थी। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों घायलों छुट्टी दे दी गई।