टनकपुर/बनबसा (चंपावत)।
टनकपुर-बनबसा के बीच सैनिक छावनी के पास हाइवे पर सोमवार को फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। आल्टो टैक्सी कार और ट्रक में हुई जबरदस्त टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक चिकित्सा के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के पता चलने पर मृतक एवं घायल युवक के परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे, जिन्हें पुलिस एवं रिश्तेदारों ने घर पहुंचाया गया।
शहर से लगी विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी बॉबी प्रकाश (28) पुत्र फकीर राम सोमवार सुबह अपने दोस्त एवं शहर के वार्ड संख्या छह निवासी सूरज गोस्वामी (29) पुत्र देव गोस्वामी को लेकर आल्टो टैक्सी कार (यूके 03 टीए/1089) में टनकपुर से बनबसा की ओर जा रहे थे। करीब साढ़े पांच बजे बनबसा सैनिक छावनी के पास उनकी कार और सामने से आ रहे दस टायरा ट्रक (यूके03सीए/0553) में टक्कर हो गई। कार ट्रक से टकराने के बाद सड़क किनारे जाकर पलट गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। वहां देखा तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में दो युवक लहूलुहान हाल में फंसे थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जैसे तैसे कार में फंसे दोनों युवकों को निकाला गया और एक जीप से संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉ. वीके जोशी, डॉ. आफताब अंसारी एवं डा. मानवेंद्र शुक्ल ने कार चला रहे बॉबी प्रकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथ सूरज के सिर पर गंभीर चोट के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक सूरज को खटीमा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं, बॉबी प्रकाश के पिता फकीर राम ट्रैफिक पुलिस में थे, जो हाल ही में चंपावत से रिटायर्ड हुए हैं। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि घटना स्थल बनबसा थानाक्षेत्र में होने से मामले में कानूनी कार्रवाई बनबसा पुलिस द्वारा की जाएगी। अलबत्ता टनकपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, बनबसा थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि उक्त दुर्घटना का कारण कार के सामने किसी जानवर के आने से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल फरार ट्रक चालक पिपलिया, थाना माधोटांडा पीलीभीत निवासी संतोष को पुलिस ने टनकपुर से पकड़ लिया है, जो हादसे के बाद ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।
टैक्सी कार से ही चला रहा था रोजगार
टनकपुर (चंपावत)। सड़क हादसे में मृत बॉबी प्रकाश दुर्घटनाग्रस्त हुई अपनी आल्टो टैक्सी कार से ही रोजगार चला रहा था। बॉबी की एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है। बताया गया कि करीब डेढ़ माह पहले ही उसने अपनी बहन की डोली विदा की थी। चंपावत जिले में ही तैनात उसके पिता ट्रैफिक पुलिस में थे, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुए है।
शोक में आज बंद रहेगा टैक्सियों का संचालन
टनकपुर। मां श्री पूर्णागिरि टैक्सी एसोसिएशन ने टैक्सी स्वामी बॉबी प्रकाश के निधन पर शोक स्वरूप मंगलवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ एवं खटीमा मार्ग पर टैक्सियों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया है। अलबत्ता पूर्णागिरि मार्ग पर टैक्सियों का संचालन जारी रहेगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद बिष्ट ने बताया कि सुबह चार से शाम पांच बजे तक कोई भी टैक्सी वाहन पिथौरागढ़ और खटीमा मार्ग पर संचालित नहीं होंगे।